बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के अलीगंज थाना क्षेत्र से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। प्रेम-प्रसंग के शक में परिजनों ने 10वीं कक्षा की 17 वर्षीय छात्रा की निर्मम हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव को खेत में 8 फीट गहरा गड्ढा खोदकर दबा दिया।
पुलिस ने वारदात के 22 दिन बाद मंगलवार रात 8 बजे छात्रा का शव बरामद किया और आरोपी चाचा जय प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
कैसे हुई वारदात?
हाफिजगंज गांव निवासी प्रेमपाल की 17 वर्षीय बेटी लता का गांव के ही एक युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। परिवार को यह रिश्ता मंजूर नहीं था और इस बात को लेकर घर में आए दिन विवाद होता रहता था।
28 जुलाई की रात, जब लता अपने प्रेमी से फोन पर बात कर रही थी, तो गुस्से में आकर उसके सगे चाचा जय प्रकाश ने दुपट्टे से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी।
शव को किया दफन
हत्या के बाद आरोपी ने मामले को छिपाने के लिए अपने ही खेत में 8 फीट गहरा गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया। बाद में पुलिस ने डीएम की अनुमति और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में खेत की खुदाई कर शव बरामद किया।
खौफनाक खुलासा
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में और भी चौंकाने वाले खुलासे हुए। हत्या से पहले पीड़िता के दोनों पैरों में लोहे की 6 कीलें ठोंकी गई थीं। साथ ही, शव को जल्दी गलाने के लिए गड्ढे में नमक भी डाला गया था। आरोपी ने अंधविश्वास के चलते ऐसा किया, ताकि लता की आत्मा 'चुड़ैल' बनकर न भटके।
कैसे खुला राज?
लता के अचानक लापता होने पर उसके प्रेमी को किसी अनहोनी का अंदेशा हुआ। उसने हिम्मत जुटाकर बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य से संपर्क किया और पूरी घटना की जानकारी दी। प्रेमी की सूचना पर पुलिस सक्रिय हुई और जांच शुरू की।
गौरतलब है कि लता के गायब होने के बावजूद परिजनों ने गुमशुदगी की कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी। पुलिस ने संदेह के आधार पर चाचा जयप्रकाश को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या कबूल कर ली। पुलिस अब परिवार के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
Post a Comment