बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों की सारी मर्यादाओं को तार-तार कर दिया। यहां जीजा के प्यार में पागल हुई साली ने अपनी ही सगी बड़ी बहन की हत्या कर दी। करीब 15 साल तक चली सुनवाई के बाद अदालत ने अब इस मामले में फैसला सुनाया है, जिसमें कलयुगी बहन को आजीवन कारावास और 20 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई है।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला साल 2011 का है, जो बरेली के थाना भोजीपुरा क्षेत्र से सामने आया था। मृतका की शादी पीलीभीत निवासी एक युवक से हुई थी। शादी के बाद मृतका की छोटी बहन और उसके जीजा के बीच प्रेम संबंध हो गए। जब इस अवैध रिश्ते के बीच बड़ी बहन रोड़ा बनने लगी, तो दोनों ने मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
कैसे हुई हत्या?
18 जून 2011 की रात, जब पीड़िता अपने पति के साथ मायके आई हुई थी, तभी छोटी बहन उसे शौच के बहाने खेतों की तरफ ले गई। वहां पहले से घात लगाए बैठे जीजा और छोटी बहन ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। मृतका पर पहले धारदार हथियार से हमला किया गया, इसके बाद उसका गला दबा दिया गया। किसी को शक न हो, इसलिए दोनों ने षड्यंत्र रचा और घर पर झूठी कहानी सुनाई कि चार बदमाश मृतका को खेत में खींचकर ले गए और हत्या कर दी।
कैसे खुला राज?
पुलिस जांच में सीडीआर (कॉल डिटेल रिकॉर्ड) ने दोनों की पोल खोल दी। जांच में सामने आया कि हत्या के वक्त छोटी बहन और जीजा के बीच लगातार बातचीत हो रही थी और दोनों ही मौके पर मौजूद थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया और जेल भेज दिया।
कोर्ट का फैसला
मुकदमे के विचारण के दौरान आरोपी जीजा की मौत हो चुकी है। अब अपर सत्र न्यायाधीश-एक विजेंद्र त्रिपाठी की अदालत ने मृतका की छोटी बहन को उम्रकैद की सजा सुनाई है। साथ ही 20 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।
Post a Comment