"आंटी, मेरा ड्रोन आपकी छत पर गिर गया है। मुझे वो लाने दो।" ये बहाना करके वो घर में घुसा। और उसने जान से मार डाला उस वृद्ध महिला को....


"आंटी, मेरा ड्रोन आपकी छत पर गिर गया है। मुझे वो लाने दो।" ये बहाना करके वो घर में घुसा। और उसने जान से मार डाला उस वृद्ध महिला को। ये घटना बेहद डरावनी है। सबको इस घटना से सबक लेने की ज़रूरत है। कानपुर का मामला है। एक रिटायर शिक्षक अपनी पत्नी संग अपने घर में रहते थे। कुछ दिन पहले की बात है। शिक्षक महोदय किसी काम से बाज़ार गए थे। तभी पड़ोस में रहने वाला आर्यन शर्मा नाम का एक लड़का उनके घर पहुंचा। वहां उसे शिक्षक की पत्नी मिली।

आर्यन ने शिक्षक महोदय की पत्नी से कहा कि आंटी आपकी छत पर मेरा ड्रोन गिर गया है। मुझे वो लाने दीजिए। महिला ने उसे अपने घर की छत पर जाने की परमिशन दे दी। आर्यन छत पर गया भी। और उसने इत्मिनान से घर चैक किया। ये जानने के लिए कि कोई दूसरा तो घर में मौजूद नहीं है। उसके बाद आर्यन नीचे आया और उसने महिला का गला दबा दिया। महिला अचेत हो गई। गिर पड़ी ज़मीन पर। आर्यन को लगा कि महिला की जान निकल चुकी है। आर्यन खुश हो गया।

आर्यन ने घर में रखा कैश व जेवरता बटोरना शुरू कर दिया। लेकिन तभी वृद्ध महिला, जिनका नाम निर्मला था, उन्हें होश आ गया। आर्यन ने फिर से महिला पर हमला कर दिया। उसने बुज़ुर्ग महिला का गला तब तक दबाकर रखा जब तक की उसके प्राण नहीं निकल गए। इस बार महिला वाकई में मारी गई। आर्यन ने हर वो सामान बटोरा जो वो ले जा सकता था। फिर वो चुपचाप निकल गया। रिटायर्ड शिक्षक जब वापस लौटे तो घर की हालत और पत्नी की लाश देखकर उनके पैरों तले ज़मीन खिसक गई।

मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस ने जांच शुरू की। आस-पास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। उन्हें आर्यन शर्मा कई जगह दिखा। पुलिस ने उसे धर लिया। सख्ती से पूछताछ की तो आर्यन टूट गया। उसने कुबूल कर लिया अपना गुनाह। पुलिस को आर्यन ने बताया कि क्राइम पैट्रोल देखकर उसने लूट की ये योजना बनाई थी। कई दिनों से वो रिटायर्ड शिक्षक की एक्टिविटीज़ नोट कर रहा था। जब उसे ये यक़ीन हो गया कि एक पर्टिकुलर टाइम पर काफ़ी देर तक शिक्षक अपने घर से बाहर जाते हैं, तब उसने घटना को अंजाम दिया।

ये खबर एक्स(पूर्व में ट्विटर) पर पत्रकार रणविजय सिंह ने अपने वैरीफाइड हैंडल से दी है। उन्होंने बताया है कि आर्यन शर्मा नशे की लत का शिकार है। वो तमाम ताम-झाम लगाकर नशा करने के लिए पैसों का इतंज़ाम करता था। साइबर अपराधियों को भी उसने अपना अकाउंट साइबर क्राइम करने के लिए दे दिया था, थोड़े से पैसों के बदले में। उसे नशे की लत तो थी ही। कुछ फालतू शौक भी थे। जबकी पैसा कमाने का कोई पक्का साधन उसके पास था नहीं। इसलिए उसने रिटायर्ड शिक्षक की पत्नी की हत्या कर दी। अब आर्यन पुलिस की गिरफ़्त में है। शायद उसकी ज़िंदगी के कई साल अब जेल में ही कटेंगे।


0/Post a Comment/Comments