“हाउसवाइफ नहीं, हाउस मैनेजर — एक पत्नी की अनकही कहानी जो घर को संभालती है, खुद को भूलकर सबका ध्यान रखती है”


सुबह का वक्त था। घर में हलचल चल रही थी — बच्चे स्कूल की तैयारी में, पति ऑफिस के लिए तैयार हो रहा था, और पत्नी वही रोज़ की दौड़ में लगी थी। लेकिन आज कुछ अलग था। चेहरे पर थकान के साथ दृढ़ता भी थी। उसने अचानक कहा — “बस! अब बहुत हो गया। मैं भी नौकरी करूँगी।”

पति चौंक गया। “मगर क्यों? क्या कमी है घर में? आखिर नौकरी क्यों करना चाहती हो?”

पत्नी ने गहरी साँस ली और बोली — “क्योंकि मैं जानती हूँ कि अगर छुट्टी चाहिए तो दफ्तर में काम करो, घर में नहीं। यहाँ बिना तनख्वाह के सबका रौब झेलो। इतने सारे बॉस से तो अच्छा है कि मैं नौकरी करूँ, इंडिपेंडेंट रहूँ। छुट्टी भी मिलेगी, और मेरी डिग्रियाँ भी रद्दी नहीं बनेंगी।”

उसकी आवाज़ में दर्द था, लेकिन आत्मसम्मान भी। “महत्वाकांक्षी लोग रोटी कमाते हैं, बनाते नहीं। दिन भर बाई की तरह लगे रहने वाली और खुद को सँवारने का समय न देने वाली औरत को ‘गयी गुजरी’ कहा जाता है। बाई भी अपना रौब जमाती है, छुट्टी करती है, बेढंगे काम का पैसा लेती है — पर मैं? मुझे कोई एक्सक्यूज़ नहीं, कोई तारीफ़ नहीं, कोई वैल्यू नहीं।”

पति कुछ देर चुप रहा, फिर मुस्कुराया — “नहीं, तुम हाउसवाइफ नहीं, अपने घर की बॉस हो। फर्क बस इतना है कि तुम ऑर्डर नहीं देती, रिक्वेस्ट करती हो। डाँटने की जगह रूठ जाती हो। गुस्सा करने वालों को बाहर का रास्ता दिखाने की बजाय मनाती हो।”

वह आगे बोला — “नौकरी करके रोज़ बन-सँवर कर बाहर की दुनिया में अपना वजूद बनाना आसान है, लेकिन अपने आप को मिटाकर अपनों को बनाए रखना आसान नहीं होता। तुम हाउस मैनेजर हो। अगर तुम घर को मैनेज न करो, तो हम सब बिखर जाएँगे।”

पत्नी की आँखें नम हो गईं। पति ने आगे कहा — “चलो, आज मैं तुम्हारी मदद करता हूँ। मैं बर्तन धो देता हूँ।”

सिंक में पड़े बर्तनों को छूते ही पत्नी नाराज़ हो गई — “अब आप ये सब करोगे? हटो, मैं आपको पति ही देखना चाहती हूँ, बीवी का गुलाम नहीं।”

पति हँस पड़ा — “अच्छा, तो शाम को खाना मत बनाना। पिज़्ज़ा मँगवा लेंगे।”

कीमत सुनकर पत्नी फिर बोली — “ये फालतू के खर्चे! घर का बना शुद्ध खाओ।”

पति ने सिर खुजाते हुए कहा — “तुम चाहती क्या हो? कभी आराम देना चाहूँ तो वो भी नहीं, और शिकायत भी रहती है।”

पत्नी ने धीरे से कहा — “कुछ नहीं। बस इतना कि कभी-कभी मैं भी झुँझलाऊँ, गुस्सा करूँ, तो आप भी वैसे ही झेल लेना जैसे मैं सबको झेलती हूँ। मेरा हक सिर्फ आप पर है।”

संदेश

यह कहानी हर उस महिला की सच्चाई है जो घर में रहती है, परिवार को सँभालती है, और खुद को भूल जाती है। वह सिर्फ “हाउसवाइफ” नहीं घर की रीढ़ है, भावनाओं की धुरी है, और हर रिश्ते की डोर को थामे रखने वाली “हाउस मैनेजर” है।

0/Post a Comment/Comments