शराब की लत ने ली जान, पति ने सिलबट्टे से कुचला चेहरा, पड़ोसियों ने दरवाजा खोला तो देखा लहूलुहान शव


 उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक ऐसी दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां शराब के नशे में धुत एक पति ने घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। इस खौफनाक घटना ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है, जहां आरोपी ने हत्या के बाद मकान को बाहर से बंद कर फरार हो गया।

पूरा मामला हरदोई जिले के कासिमपुर थाना क्षेत्र के गौरीदायमपुर गांव का है। यहां रहने वाले कुंजबिहारी गुप्ता (उम्र लगभग 40 वर्ष) मजदूरी करके अपना गुजारा करते थे। उनकी शादी वर्ष 2017 में मोनी (35) नाम की महिला के साथ सामूहिक विवाह समारोह में हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही कुंजबिहारी को शराब की लत लग गई, जिससे उनके बीच आए दिन झगड़े होने लगे।

शुक्रवार देर रात कुंजबिहारी नशे की हालत में घर लौटा। आते ही किसी बात पर उसकी पत्नी से तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कुंजबिहारी ने गुस्से में आकर रसोई में रखा भारी-भरकम सिलबट्टा उठा लिया। उसने मोनी के सिर, चेहरे और आंखों पर सिलबट्टे से कई वार किए। चोटें इतनी गंभीर थीं कि मोनी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पत्नी की मौत के बाद कुंजबिहारी ने चालाकी दिखाते हुए मकान का दरवाजा बाहर से बंद किया और अंधेरे का फायदा उठाकर गांव से फरार हो गया। हालांकि, ग्रामीणों को संदेह हुआ जब उन्होंने उसे हड़बड़ी में भागते देखा। जब पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़कर अंदर झांका, तो वहां मोनी का लहूलुहान शव देखकर सभी के होश उड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीमें मौके पर पहुंच गईं और जांच शुरू कर दी।

इस खूनी कांड में 4 साल का मासूम बेटा युवराज बाल-बाल बच गया। ग्रामीणों के अनुसार, शराब के नशे में होने वाले भयंकर गृहक्लेश से बच्चे के मानसिक स्तर पर बुरा असर पड़ रहा था। इसी वजह से मोनी ने महज चार दिन पहले ही अपने बेटे को जेठ के बेटे (सचिन) के साथ दिल्ली भेज दिया था। अगर बच्चा उस दिन घर पर होता, तो शायद उसकी जान भी खतरे में आ सकती थी।

ग्रामीणों का कहना है कि कुंजबिहारी को रोजाना शराब पीने की लत थी, जिसके चलते पत्नी हमेशा परेशान रहती थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी पति की तलाश में कई टीमों को लगाया गया है।

0/Post a Comment/Comments