उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में एक युवक ने 17 वर्षीय किशोरी के साथ ऐसा जघन्य अपराध किया कि सुनकर रोंगटे खड़े हो जाते हैं। युवक ने अपने एकतरफा प्यार में शादी का दबाव बनाया, और जब लड़की ने मना कर दिया तो उसने उसके दोनों प्राइवेट पार्ट अपने तेज दांतों से काट डाले। पीड़िता के परिवार का आरोप है कि पुलिस ने पहले तो शिकायत दर्ज करने से इनकार किया, और बाद में महज मारपीट की धाराओं में केस दर्ज किया गया।
पूरी घटना 11 मई की रात करीब 11:15 बजे बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र की है। पीड़िता दिल्ली में अपनी बड़ी बहन के साथ रहती है। वह 3 मई को अपनी चचेरी बहन की शादी में गाँव आई थी। 11 मई को शादी से पहले 'तेल पूजन' का कार्यक्रम था। रात में पीड़िता अकेले घर जा रही थी, तभी गाँव के ही अतुल नाम के युवक ने उसका मुंह दबाकर एक सुनसान जगह पर उठा ले गया।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसे एक पेड़ से बांध दिया और फिर शादी का दबाव बनाने लगा। जब किशोरी ने कहा कि वह उसे 'भईया' लगता है और उससे शादी नहीं कर सकती, तो आरोपी गुस्से में आ गया। उसने पहले लड़की को बेरहमी से पीटा, जिससे वह अधमरी हो गई। फिर पूछा – "शादी करोगी?" लड़की ने इनकार किया तो दरिंदे ने उसके दोनों नाजुक अंग अपने दांतों से काट डाले। लड़की दर्द से बेहोश हो गई। होश आने पर आरोपी वहाँ नहीं था। किसी तरह खुद को बांध से मुक्त कर वह घर पहुंची।
पीड़िता की मां रातभर उसे लेकर प्रतापनगर चौकी और कोथावां चौकी भटकती रही, लेकिन पुलिस ने सुनवाई नहीं की। बाद में बेनीगंज सीएचसी पहुंचीं जहां डॉक्टर ने पुलिस को सूचना दी। तब जाकर एक दरोगा आया और उसने खुद प्रार्थना पत्र लिखा, लेकिन महज मारपीट की धाराओं में केस दर्ज किया गया। पीड़िता पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर की है, पिता की मौत हो चुकी है। आरोपी अतुल 'अतुल डीजे' नाम से डीजे चलाता है और अपने मां-बाप का इकलौता बेटा है। अब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं हुआ है।

Post a Comment