मध्य प्रदेश के कटनी जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी से पहले अपनी होने वाली पत्नी से मिलने पहुंचे युवक की हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने जब जांच शुरू की तो जो सच सामने आया उसने पूरे इलाके को हैरान कर दिया। युवक की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसकी नाबालिग मंगेतर ने ही की थी। पुलिस ने आरोपी लड़की को हिरासत में लेकर किशोर न्यायालय में पेश कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक मृतक युवक की पहचान 20 वर्षीय सुनील आदिवासी के रूप में हुई है, जो विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र के पड़वार गांव का रहने वाला था। उसकी शादी खम्हरिया गांव की एक नाबालिग लड़की से तय हुई थी। बताया जा रहा है कि बुधवार रात सुनील अपनी होने वाली ससुराल पहुंचा था। इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत के समय लड़की ने युवक के मोबाइल में किसी दूसरी लड़की की फोटो देख ली।
फोटो देखने के बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। पुलिस के अनुसार बहस इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर लड़की ने घर में रखा बिजली का तार उठाया और सुनील का गला घोंट दिया। घटना के बाद शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की गई। अगले दिन सुबह गांव के पास युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
जब पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक के गले और शरीर पर चोट के निशान मिले, जिससे शुरुआत से ही हत्या की आशंका जताई जा रही थी। इसके बाद पुलिस ने हर एंगल से जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान मंगेतर पहले पुलिस को गुमराह करती रही, लेकिन सख्ती से पूछताछ होने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल बिजली का तार और अन्य अहम सबूत बरामद कर लिए हैं। एडिशनल एसपी संतोष डेहरिया के अनुसार आरोपी नाबालिग लड़की को कस्टडी में लेकर किशोर न्यायालय में पेश किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना के पीछे सिर्फ गुस्सा था या कोई और वजह भी शामिल थी।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। लोग इस बात से हैरान हैं कि एक मामूली विवाद इतना बड़ा और खौफनाक मोड़ ले सकता है कि शादी से पहले ही रिश्ता मौत में बदल जाए।

Post a Comment