AC सर्विस के नाम पर जेब कट रही है? सफाई, गैस और रिपेयर की असली कीमत जानकर बचाएं हजारों रुपये!


जैसे ही गर्मी का मौसम शुरू होता है, घर और ऑफिस में एयर कंडीशनर की जरूरत तेजी से बढ़ जाती है। ऐसे में AC का सही तरीके से काम करना बेहद जरूरी हो जाता है, ताकि तेज गर्मी से राहत मिल सके। लेकिन अक्सर लोग AC सर्विस के नाम पर सही कीमत नहीं जानते और कई बार उनसे जरूरत से ज्यादा पैसे वसूले जाते हैं।

अगर आपको पहले से सही जानकारी हो, तो आप आसानी से ओवरचार्जिंग से बच सकते हैं।

नियमित AC सर्विसिंग से न सिर्फ कूलिंग बेहतर होती है, बल्कि बिजली की खपत भी कम होती है और मशीन की लाइफ भी बढ़ती है। चाहे आपके पास स्प्लिट AC हो या विंडो AC, दोनों की समय-समय पर सफाई और जांच जरूरी होती है।

स्प्लिट AC की सर्विसिंग आमतौर पर थोड़ी महंगी होती है क्योंकि इसमें दो यूनिट होती हैं – इनडोर और आउटडोर। बेसिक सर्विस के लिए लगभग 500 से 1000 रुपये तक खर्च आ सकता है, जिसमें फिल्टर और सामान्य सफाई शामिल होती है।

अगर डीप क्लीनिंग या जेट वॉश कराया जाए, तो इसकी कीमत 900 से 1500 रुपये तक हो सकती है। कूलिंग कॉइल की सफाई या हल्की रिपेयर के लिए करीब 700 से 1200 रुपये तक लग सकते हैं। वहीं ड्रेन पाइप की सफाई का खर्च लगभग 200 से 500 रुपये तक होता है।

अगर गैस भरवानी पड़े, तो इसका खर्च गैस के प्रकार पर निर्भर करता है और यह लगभग 2000 से 3500 रुपये तक हो सकता है। कई बार डीप सर्विस पैकेज में इनडोर और आउटडोर यूनिट की सफाई के साथ गैस चेकिंग भी शामिल होती है, जिसका खर्च 2000 से 2500 रुपये तक पहुंच सकता है।

वहीं, विंडो AC की सर्विसिंग अपेक्षाकृत सस्ती होती है क्योंकि इसकी बनावट सरल होती है। बेसिक सफाई के लिए 400 से 700 रुपये तक खर्च आता है, जबकि डीप क्लीनिंग के लिए 700 से 1200 रुपये तक देने पड़ सकते हैं।

कूलिंग कॉइल की सफाई लगभग 500 से 900 रुपये में हो जाती है। गैस भरवाने का खर्च 1800 से 3000 रुपये तक हो सकता है। अगर पूरी सर्विस कराई जाए, जिसमें फिल्टर, कॉइल और अन्य पार्ट्स की जांच शामिल हो, तो कुल खर्च 1500 से 1800 रुपये तक हो सकता है, लेकिन इसमें गैस का खर्च शामिल नहीं होता।

AC में गैस की कमी होने पर कूलिंग कम हो जाती है। ऐसे में गैस भरवाने की जरूरत पड़ती है। R22 गैस के लिए लगभग 1800 से 2500 रुपये तक खर्च आता है, जबकि R410A गैस के लिए 2500 से 3500 रुपये तक देने पड़ सकते हैं। वहीं R32 गैस की कीमत 2500 से 3800 रुपये तक हो सकती है।

छोटा लेकिन जरूरी काम है AC के फिल्टर की सफाई। अगर फिल्टर गंदा हो जाए तो हवा का प्रवाह कम हो जाता है और AC को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, जिससे बिजली का बिल बढ़ जाता है। फिल्टर साफ कराने का खर्च 200 से 400 रुपये तक होता है, जबकि नया फिल्टर लगाने पर 500 से 1200 रुपये तक खर्च आ सकता है।

सर्विस के दौरान कई बार तकनीशियन कुछ खराबियां भी बताते हैं। जैसे PCB खराब होने पर 2000 से 5000 रुपये तक खर्च हो सकता है। कैपेसिटर बदलने में 300 से 900 रुपये लग सकते हैं। फैन मोटर खराब होने पर 1500 से 3000 रुपये तक खर्च आता है।

सबसे महंगी रिपेयर कंप्रेसर की होती है, जिसमें 5000 से 12000 रुपये तक खर्च हो सकता है। यह कीमत AC के ब्रांड और मॉडल पर निर्भर करती है।

अगर आप AC सर्विस में ज्यादा पैसे देने से बचना चाहते हैं, तो कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है। काम शुरू होने से पहले पूरी कीमत तय कर लें, भरोसेमंद तकनीशियन को ही चुनें और बिना जांच के सिर्फ कूलिंग कम होने पर गैस भरवाने के लिए तुरंत तैयार न हों।

साथ ही, गर्मियों में हर दो-तीन हफ्ते में AC का फिल्टर खुद साफ करते रहें। इससे मशीन की परफॉर्मेंस बेहतर बनी रहती है और सर्विस का खर्च भी कम आता है।

थोड़ी सी जागरूकता आपको हर साल हजारों रुपये बचा सकती है।

0/Post a Comment/Comments