दुनिया की चाल अब भारत के हक़ में घूम रही है! NDA मीटिंग में पीएम मोदी बोले – धैर्य रखा, नतीजा मिला; अमेरिका से ट्रेड डील ने बदला माहौल

 

नई दिल्ली: भारत और अमेरिका के बीच हाल ही में हुई बड़ी ट्रेड डील को लेकर मंगलवार को एनडीए संसदीय दल की बैठक में उत्साह और जश्न का माहौल देखने को मिला। बैठक के दौरान एनडीए नेताओं और सांसदों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस अहम कूटनीतिक और आर्थिक सफलता के लिए बधाई दी।

संसद की लाइब्रेरी बिल्डिंग में आयोजित बैठक में वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल ने प्रधानमंत्री मोदी का माला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान सभा स्थल ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा। सूत्रों के अनुसार, पीएम मोदी ने बैठक में कहा कि कोविड के बाद से वैश्विक व्यवस्था में बदलाव साफ दिखाई देने लगा था और अब मौजूदा वर्ल्ड ऑर्डर भारत के पक्ष में झुकता नज़र आ रहा है।

अमेरिका के साथ हुए इस समझौते के तहत भारतीय उत्पादों पर अमेरिकी बाजार में लगने वाला टैरिफ बड़ी कटौती के साथ 50 प्रतिशत से घटकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है। इसे भारत के निर्यात और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।

एनडीए सांसदों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों से संसद की कार्यवाही में सक्रिय भागीदारी करने और बजट की उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील से सकारात्मक माहौल बना है। पहले कई तरह की आलोचनाएं हुईं, लेकिन सरकार ने संयम रखा और अब उसका परिणाम सामने है। पीएम मोदी ने मैन्युफैक्चरिंग बढ़ाने और बेहतर गुणवत्ता वाले उत्पाद तैयार करने पर भी जोर दिया, साथ ही हर जिले में मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स के सम्मेलन आयोजित करने का सुझाव दिया।

बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि एनडीए संसदीय दल की इस बैठक में भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का भी औपचारिक स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अब तक भारत 39 देशों के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट कर चुका है, जो अपने आप में एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड है। हाल ही में भारत-यूरोपीय संघ के बीच हुए एफटीए के बाद अमेरिका के साथ यह समझौता हुआ है, जिससे देशभर में उत्साह का माहौल है।

रिजिजू ने यह भी कहा कि इन व्यापारिक उपलब्धियों को लेकर एनडीए सांसदों में खासा जोश देखने को मिला और सभी ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सराहना की। यह कदम भारत की आर्थिक मजबूती और वैश्विक प्रभाव को और मजबूत करने वाला है।

बैठक में प्रधानमंत्री मोदी के अलावा गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन समेत एनडीए के तमाम वरिष्ठ नेता और सांसद मौजूद रहे। जब पत्रकारों ने पीएम मोदी को भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर बधाई दी, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए हाथ हिलाकर धन्यवाद स्वीकार किया।

एनडीए नेताओं ने इसे बीते कुछ दिनों में भारत की दूसरी बड़ी ट्रेड उपलब्धि बताया और कहा कि इससे अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की बढ़ती आर्थिक और कूटनीतिक ताकत साफ झलकती है। इस मौके पर भाजपा सांसद बैजयंत पांडा ने कहा कि यह समझौता केवल दो बड़े लोकतंत्रों के बीच व्यापार को नई दिशा नहीं देगा, बल्कि वैश्विक व्यापार और भू-राजनीति में स्थिरता लाने में भी अहम भूमिका निभाएगा।

0/Post a Comment/Comments