गुरुवार, 5 फरवरी 2026 को बाजार खुलते ही सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार गिरावट देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज ऑफ इंडिया (MCX) पर सुबह के कारोबार में चांदी सबसे ज्यादा दबाव में नजर आई, जबकि सोने के भाव भी फिसलते हुए दिखाई दिए। अंतरराष्ट्रीय बाजार से मिले कमजोर संकेतों का असर घरेलू बाजार पर साफ तौर पर दिखा।
अंतरराष्ट्रीय कमोडिटी बाजार COMEX पर शुरुआती कारोबार में जहां सोने और चांदी में हल्की तेजी देखने को मिली थी, वहीं कुछ ही समय में यह तेजी तेज गिरावट में बदल गई। COMEX पर सुबह सोने का भाव 5,021.40 डॉलर प्रति औंस पर था, जो गिरकर 4,871.60 डॉलर प्रति औंस तक आ गया। इसी तरह चांदी का भाव 88.965 डॉलर प्रति औंस से टूटकर 75.385 डॉलर प्रति औंस तक फिसल गया।
घरेलू बाजार में आज सबसे बड़ी गिरावट चांदी की कीमतों में दर्ज की गई। बुधवार को MCX पर चांदी 2,70,549 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी, लेकिन गुरुवार को बाजार खुलते ही इसमें तेज बिकवाली शुरू हो गई। कुछ ही देर में चांदी की कीमत करीब 9.46 प्रतिशत गिरकर 2,43,406 रुपये प्रति किलोग्राम तक आ गई। यानी एक ही झटके में चांदी के भाव लगभग ₹27,884 प्रति किलो टूट गए।
सोने की कीमतों में भी गिरावट दर्ज की गई, हालांकि चांदी की तुलना में यह गिरावट कम रही। MCX पर सुबह के कारोबार में गोल्ड रेट में 2 प्रतिशत से ज्यादा की कमजोरी देखने को मिली। करीब 9:30 बजे सोना 1.19 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,51,230 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता नजर आया। इससे पहले बुधवार को MCX पर सोना 1,53,390 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
प्रमुख शहरों में भी सोने के भाव नीचे आते दिखाई दिए। दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव 1,54,570 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोने का भाव 1,41,700 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। मुंबई में 24 कैरेट सोना 1,54,420 रुपये प्रति 10 ग्राम, 22 कैरेट गोल्ड 1,41,550 रुपये प्रति 10 ग्राम और 18 कैरेट सोना 1,15,820 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा।
चेन्नई में 24 कैरेट सोने का भाव 1,56,220 रुपये प्रति 10 ग्राम, 22 कैरेट सोना 1,43,200 रुपये प्रति 10 ग्राम और 18 कैरेट गोल्ड 1,22,500 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा। वहीं कोलकाता में 24 कैरेट सोना 1,54,420 रुपये प्रति 10 ग्राम पर दर्ज किया गया।
चांदी की बात करें तो दिल्ली, मुंबई और कोलकाता में एक किलोग्राम चांदी की कीमत करीब 2,46,665 रुपये के आसपास रही। जबकि चेन्नई में चांदी का भाव अन्य शहरों की तुलना में थोड़ा ऊंचा रहा और यह लगभग 2,60,000 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर कारोबार करती नजर आई।
विशेषज्ञों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव, डॉलर की मजबूती और निवेशकों की मुनाफावसूली के चलते कीमती धातुओं पर दबाव बना हुआ है। आने वाले दिनों में कीमतों की दिशा वैश्विक संकेतों और आर्थिक आंकड़ों पर निर्भर करेगी।
डिस्क्लेमर
यह खबर बाजार में उपलब्ध आंकड़ों और सार्वजनिक स्रोतों पर आधारित है। सोने-चांदी की कीमतों में लगातार बदलाव होता रहता है। किसी भी प्रकार का निवेश या खरीदारी का निर्णय लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श अवश्य करें।

Post a Comment