कंकर खेड़ा में कासमपुर फाटक पर रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से महिला सहित उसकी दो बेटियों की दर्दनाक मौत हो गई। पत्नी और बेटियों के शव देख पिता का रो -रोकर बुरा हाल। युवक बंद फाटक के नीचे से ठेला निकल रहा था। घटना की जानकारी होने के बाद एसएसपी व दीपक मीणा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। पुलिस ने पंचनामा भरकर तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लाल कुर्ती थाना क्षेत्र के राजवान बड़ा बाजार निवासी नरेश (45) पुत्र टीकाराम मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण कर रहा था। नरेश के परिवार में पत्नी मोना (40), बेटी इशिका (14) व सात वर्षीय छोटी बेटी चारु थी। वहीं बड़ा बेटा आशीष जेल में बंद है। पीड़ित नरेश ने बताया कि वह अपने अपनी पत्नी और दोनों बेटियों को लेकर रिक्शा से अपनी बहन लक्ष्मी निवासी अशोकपुरी के घर आ रहा था। नरेश का छोटा भाई विष्णु भी अशोकपुरी में रहता है।
पीड़ित के अनुसार वह अपने बेटे आशीष के लिए जमानती की तलाश कर रहा था, जिसके लिए उसने अपनी बहन लक्ष्मी से बात की थी। वह रविवार शाम अपने परिवार को लेकर रिक्शा से अशोक पुरी आ रहा था।
इसी बीच कासमपुर फाटक के पास वंदे भारत ट्रेन आने की वजह से बैरियर गिरे हुए थे, लेकिन नरेश ने फाटक के नीचे से ठेला निकाल कर रेलवे ट्रैक पार करने की कोशिश की थी। नरेश जैसे ही दूसरे फाटक के पास पहुंचा। इसी बीच दिल्ली की तरफ से आ रही वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से नरेश की पत्नी व दोनों बेटियों की दर्दनाक मौत हो गई।
परिवार को ट्रेन की चपेट में आता देख नरेश की चीख निकल गई। हादसे को देखकर फाटक के पास खड़े लोगों की रूह कांप गई। ट्रेन के निकलने के बाद युवक घटनास्थल की तरफ दौड़ा। जहां उसने देखा की पत्नी सहित दोनों बेटियों की मौत हो चुकी है। तीनों के शव देखकर वह बेहोश हो गया। हादसे के बाद लोगों की भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई।
सूचना पर सदर थाना, कंकरखेड़ा, जीआरपी व आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। कासमपुर फाटक के पास हादसे की सूचना पर लोगों की भीड़ भी घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़ी। बताया गया कि लगभग दो घंटे तक तीनों के शव रेलवे ट्रैक के किनारे पड़े रहे।
जिलाधिकारी दीपक मीणा, एसएसपी रोहित सिंह सजवान व एसपी सिटी पीयूष सिंह मौके पर पहुंचे। जहां तीनों अधिकारियों ने मामले की जांच की। जिलाधिकारी दीपक मीणा का कहना है कि मामले की जांच के लिए एक टीम लगा दी गई है। लापरवाही करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment