कोरोनावायरस का वैश्विक स्वास्थ्य जोखिम वैज्ञानिकों के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है, इसके नए वैरिएंट्स के जोखिमों को लेकर स्वास्थ्य विशेषज्ञ अलर्ट कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हाल के महीनों में ओमिक्रॉन के दो नए वैरिएंट्स एरिस और पिरोला के मामले सबसे अधिक रिपोर्ट किए गए हैं, जिसके कारण संक्रमण के बढ़ने का जोखिम देखा जा रहा है। कोरोना के जारी खतरे के बीच स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने इसी से मिलते-जुलते एक नए वायरल संक्रमण के खतरे को लेकर अलर्ट किया है। विशेषज्ञों के मुताबिक दुनिया के कई देशों में इस साल की शुरुआत से ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस के मामले बढ़े हैं।
ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (एचएमपीवी) भी कोरोना की ही तरह से श्वसन पथ को संक्रमित करता है, हालांकि कोरोना के इतर इस वायरस के कारण ऊपरी और निचले दोनों श्वसन पथ में संक्रमण का खतरा हो सकता है।
विशेषज्ञों का सुझाव है कि शिशुओं और बुजुर्गों, जिनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर है उनमें मेटान्यूमोवायरस के कारण गंभीर बीमारी होने का खतरा अधिक होता है। इसके लक्षण आमतौर पर सामान्य फ्लू की तरह के ही होते हैं ऐसे में लोग इस संक्रमण को लेकर काफी कंफ्यूज रहते हैं।
अमेरिका में बढ़े थे संक्रमण के मामले
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिका के कई हिस्सों में इस साल की शुरुआत में फिर मई-जून के महीनों में एचएमपीवी के कारण संक्रमण के मामले तेजी से बढ़े थे। मार्च में, अमेरिका में ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (एचएमपीवी) के लिए लगभग 11 प्रतिशत पीसीआर और 20 प्रतिशत एंटीजन टेस्ट रिपोर्ट सकारात्मक आए थे।
महामारी से पहले के स्तर की तुलना में इसकी पॉजिटीविटी दर में 36 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, सभी लोगों को इस वायरल संक्रमण के जोखिमों को देखते हुए बचाव के लिए उपाय करते रहने की आवश्यकता है।

Post a Comment