इमरान ने फिर की मोदी की तारीफ:कहा- वो मुल्क के बाहर बैठकर फैसले नहीं करते, मोदी-बाइडेन ने पाकिस्तान को तमाचा मारा है


 पाकिस्तान के मेन स्ट्रीम मीडिया पर बैन किए जा चुके पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने एक बार फिर भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की है। मंगलवार रात अपने यूट्यूब चैनल पर इमरान ने कहा- भारत का प्रधानमंत्री मुल्क के बाहर बैठकर फैसले नहीं करता। पाकिस्तान की सरकार दुबई में बैठकर फैसले करती है।

9 मई की हिंसा के बाद फौज ने मीडिया को सख्त हिदायत दी थीं कि कोई भी न्यूज चैनल या अखबार खान के नाम का जिक्र तक नहीं करेगा। इसके बाद से इमरान सिर्फ यूट्यूब के जरिए समर्थकों को संबोधित करते हैं।

खान की पार्टी के ज्यादातर नेता उन्हें छोड़कर जा चुके हैं। कुछ फरार होकर दूसरे मुल्क पहुंच चुके हैं। हिंसा के मामले में गिरफ्तार 102 लोगों का मिलिट्री कोर्ट्स में ट्रायल होगा। माना जा रहा है कि खान को भी बहुत जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

नवाज शरीफ और जरदारी पर तंज

  • इमरान ने कहा- पाकिस्तान के फैसले आज दुबई में हो रहे हैं। क्या कभी आपने सुना है कि नरेंद्र मोदी मुल्क से बाहर जाकर और वहां अपने मिनिस्टर्स को बैठाकर फैसले करते हैं? क्या ब्रिटेन या यूरोप के लीडर्स देश के बाहर बैठकर फैसले करते हैं? हमारे यहां तो मजाक हो रहा है।
  • खान ने आगे कहा- ISI ने मुझे बताया है कि इन लोगों (नवाज शरीफ और आसिफ अली जरदारी परिवार) की अरबों डॉलर की प्रॉपर्टीज पाकिस्तान से बाहर है। मुझे 20 साल पहले जनरल अमजद खान ने यह तमाम जानकारी दी थी। नवाज शरीफ भारत से कहता था कि पाकिस्तानी फौज दहशतगर्दी में शामिल है। आसिफ अली जरदारी अमेरिका पर इल्जाम लगाता था और आज मुझे गद्दार कहा जा रहा है।
  • पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के चेयरमैन ने कहा- मैंने किसी मुल्क की प्राइवेट विजिट नहीं की। दो बार ब्रिटेन के प्राइम मिनिस्टर ने मुझे लंदन बुलाया। मेरे बच्चे भी वहां रहते हैं, लेकिन पाकिस्तान का फायदा नहीं था, लिहाजा मैं वहां नहीं गया।
  • भारत-अमेरिका ने हमारे मुंह पर तमाचा मारा

    • खान ने आगे कहा- बिलावल भुट्टो ने अमेरिका के कितने दौरे किए। वो बहुत अच्छी अंग्रेजी बोलता है और दौरों पर उसने अरबों रुपए खर्च कर दिए। मोदी के हालिया अमेरिका दौरे पर बाइडेन के साथ उनकी जो जॉइंट स्टेटमेंट आई वो पाकिस्तान के लिए खतरे की घंटी है। कभी बाइलैट्रल मीटिंग में वो (भारत-अमेरिका) तीसरे मुल्क को भला-बुरा नहीं कहते, लेकिन इस बार दोनों नेताओं ने नाम लेकर कहा है कि पाकिस्तान टेररिज्म फैला रहा है। मैं और क्या कहूं। भारत और अमेरिका ने हमारे मुंह पर तमाचा मारा है।
    • इमरान ने आगे कहा- मोदी-बाइडेन के बयान पर हमारे यहां से जवाब नहीं आएगा, क्योंकि दोनों देश जानते हैं हमारे नेताओं का अरबों डॉलर बाहर पड़ा है। मैं फौज से कहता हूं कि अमेरिका और भारत का जॉइंट डिक्लेरेशन आया है, उसमें साफ है कि डिफेंस, न्यूक्लियर प्रोग्राम और AI में वो साथ हैं। हमारी इकोनॉमी तो पहले ही जमीन पर गिरी पड़ी है। भारत और मोदी आज खुद को बहुत ताकतवर समझते हैं। पाकिस्तान अपने बोझ से गिरे या न गिरे, वो हमारे मुल्क को गिराकर मानेंगे।
    • बहुत जल्द जेल में होंगे खान

      • 9 मई को पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को 60 अरब रुपए के अल कादिर यूनिवर्सिटी ट्रस्ट स्कैम में गिरफ्तार किया गया था। एंटी करप्शन यूनिट ने यह गिरफ्तारी इस्लामाबाद हाईकोर्ट के स्कैन रूम से की थी।
      • गिरफ्तारी के फौरन बाद इमरान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के समर्थकों ने देश के तमाम हिस्सों में मौजूद फौज के अहम ठिकानों, शहीदों के स्मारकों, वॉर मेमोरियल, हेडक्वार्टर और पाकिस्तान रेडियो के दफ्तरों पर हमले किए।
      • इस हिंसा के तमाम वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। इसके बाद शाहबाज शरीफ सरकार और फौज ने इमरान के करीब 7 हजार समर्थकों को गिरफ्तार किया। क्रैक डाउन शुरू हुआ तो खान की पार्टी के तमाम बड़े नेताओं ने PTI छोड़ दी। अब खान अकेले पड़ चुके हैं।
      • इस बीच, फौज ने साफ कर दिया कि 9 मई की हिंसा की साजिश रचने वालों का ट्रायल मिलिट्री कोर्ट में होगा। इमरान और उनके समर्थक इससे घबराए हुए हैं। हालांकि सुप्रीम कोर्ट और दूसरी अदालतों के कई जज इमरान समर्थक हैं और यही वजह है कि खान अब तक गिरफ्तार नहीं हुए हैं। हालांकि माना ये जा रहा है कि खान को ईद के बाद कभी भी गिरफ्तार किया जा सकता है।
      • अल कादिर ट्रस्ट केस में खान की पत्नी बुशरा बीबी और बुशरा की दोस्त फराह गोगी भी आरोपी हैं। गोगी पिछले साल अप्रैल में उसी दिन मुल्क से फरार हो गईं थीं, जिस दिन इमरान की सरकार गिरी थी।
      • कई फौजी अफसर बर्खास्त

        • सोमवार को पाकिस्तान की फौज ने एक लेफ्टिनेंट जनरल रैंक के अफसर समेत कई अफसरों को बर्खास्त कर दिया था। इन सभी का कोर्ट मार्शल भी किया जाएगा। फौज के मीडिया विंग के डायरेक्टर जनरल (DG-ISPR) अहमद शरीफ चौधरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी थी।
        • इन सभी अफसरों पर दो आरोप हैं। पहला- 9 मई को इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद फौज के ठिकानों पर खान समर्थकों ने जो हमले किए, उन्हें इन अफसरों ने नहीं रोका। दूसरा- शक है कि ये अफसर हिंसा की साजिश रचने वालों में भी शामिल हैं। 9 मई की हिंसा में 11 लोग मारे गए थे।
        • DG-ISPR ने कहा- दुश्मन 76 साल में पाकिस्तान का जो नुकसान नहीं कर पाए, वो 9 मई को घर में मौजूद लोगों ने कर दिया। अब इन्हें किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। 9 मई पाकिस्तान के इतिहास का सबसे काला दिन था। इमरान की गिरफ्तारी पर कहा- सबूत जुटा लिए गए हैं। जांच अब भी जारी है। शहीदों को बेइज्जत किया गया है। एक्शन का इंतजार कीजिए।
  • इमरान ने वीडियो में कई बार भारत और प्रधानमंत्री मोदी का जिक्र किया। कहा- पाकिस्तान आज हर लिहाज से घुटनों पर आ चुका है। हमारी इकोनॉमी पूरी तरह तबाह हो चुकी है। मोदी कहते हैं- पाकिस्तान को छोड़ दो, ये तो अपने बोझ तले ही दबकर खत्म हो जाएगा। क्या 14 महीने पहले जब मैं वजीर-ए-आजम था, तब कोई ऐसा बयान आता था?

0/Post a Comment/Comments