वीकेंड पर मथुरा में दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। यहां दर्शन करने आए श्रद्धालुओं को दबंग लोगों के बुलंद हौसलों का शिकार होना पड़ा। थाना जैंत क्षेत्र में कुछ दबंग खुलेआम गुंडई करते हुए दिखाई दिए।
नेशनल हाई वे से वृंदावन प्रेम मंदिर के पीछे की तरफ आने वाले रोड पर दबंगों ने पार्किंग को लेकर श्रद्धालुओं के साथ जमकर मारपीट की। महिला और बच्चों के सामने दबंग गुंडई करते रहे। मारपीट का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
महिला और बच्चों के सामने की पिटाई
थाना जैंत क्षेत्र में रामताल वृंदावन रोड पर मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में दबंग बेखौफ होकर श्रद्धालुओं के साथ मारपीट करते देखे गए। हाथों में लाठी डंडे लिए यह लोग श्रद्धालुओं को इस तरह मार रहे थे जैसे इंसानियत इनके जहन में हो ही न।
मारपीट में फटे कपड़े
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कुछ दबंग युवक हाथों में लाठी डंडे लिए एक व्यक्ति को मार रहे हैं। इस व्यक्ति के सभी कपड़े शरीर से उतर जाते हैं। इसके बाद पीले कुर्ता पहने दूसरे व्यक्ति के साथ मारपीट शुरू कर दी जाती है। इस दौरान वहां महिला,बच्चे भी खड़े वीडियो में देख जा रहे हैं।
जांच कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है-सीओ
सीओ सिटी प्रवीण मलिक ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। वीडियो प्राप्त हुआ, ऐसी जानकारी मिल रही है कि श्रद्घालुओं की गाड़ी पार्किंग को लेकर मारपीट की गई। यह वीडियो छः शिखर मंदिर के पास पार्किंग का है। वीडियो के आधार पर जांच कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की मिलीभगत से अवैध पार्किंग संचालित
जैंत थाना क्षेत्र के नगला रामताल रोड पर पुलिस की मिली भगत से रोड पर बैरियर लगाकर पार्किंग करा रखी है। यहां गाड़ी खड़ी करने को लेकर अक्सर विवाद होता रहता है। एक दो पुलिसकर्मी कुर्सी डालकर साइड में बैठे रहते हैं। पार्किंग संचालक जबरन श्रद्धालुओं की गाड़ियों को यहां रोक लेते हैं। कोई श्रद्धालु आगे गाड़ी ले जाने की जिद करता है तो पार्किंग संचालक उनके साथ मारपीट करने को आमादा हो जाते है। पहले भी इस तरह के कई मामले यहां बन चुके हैं।

Post a Comment