Heatwave Alert: तापमान हुआ 45°C पार, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा और झारखंड में अलर्ट जारी

मॉनसून जब आएगा तब आएगा, अभी तो गर्मी लोगों की हालत खराब कर रही है। तापमान खतरनाक रूप से बढ़ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कम से कम नौ राज्यों में लू की चेतावनी दी है। इन राज्यों के अधिकतर शहरों का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है। आईएमडी ने बिहार, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा सिक्किम, झारखंड, उत्तर प्रदेश और ओडिशा में भी लू चलेगी। पंजाब-हरियाणा में मंगलवार को भी लू जैसी स्थितियां बने रहने का अनुमान है। हालांकि, दिल्‍ली-एनसीआर में रहने वालों को आज से थोड़ी राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने मंगलवार शाम से वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर दिखने की उम्मीद जताई है। इसके चलते जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और दिल्‍ली-एनसीआर के तापमान में गिरावट देखी जा सकती है। दिल्‍ली में आज बादल छाए रहने और शाम को हल्की बारिश का अनुमान है।

नौ राज्‍यों में लू का अलर्ट है। न्‍यूज एजेंसी IANS ने उन जगहों की सूची तैयार की है जहां भयानक गर्मी पड़ रही है। इन शहरों में देश के अधिकतम तापमान दर्ज हो रहे हैं।

मौसम विभाग ने लू पर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लंबे वक्‍त तक धूप में रहने या भारी काम करने वाले बीमार पड़ सकते हैं। भयानक गर्मी से सबसे ज्यादा खतरा नवजातों, बुजुर्गों और गंभीर बीमारियों वाले लोगों को है। दो दिन पहले महाराष्ट्र सरकार के एक कार्यक्रम में घंटों तक धूप में बैठे रहने से 13 लोगों को हीट स्‍ट्रोक पड़ा और उनकी मौत हो गई।

जब हवा पूर्व या बंगाल की खाड़ी की ओर से चलती है तो कभी-कभी बादल बनते हैं, उससे पूर्वी राज्‍यों में तापमान कम होता है। लेकिन अभी पूर्वी भारत में उत्‍तर-पश्चिम से गर्म हवाएं बह रही हैं ऐसे में पूर्व के राज्‍यों को गर्मी से बचाव के पर्याप्‍त उपाय करने चाहिए।

डॉ महापात्र ने कहा कि लू की गंभीर स्थितियां केवल तापमान के चलते नहीं, बल्कि आर्द्रता की वजह से भी बनती हैं। उन्‍होंने कहा, 'तटीय राज्यों में आर्द्रता उत्तरी राज्यों की तुलना में ज्‍यादा है।' आर्द्रता से शरीर के ठंडे होने की क्षमता घट जाती है क्योंकि पसीना जल्दी नहीं सूखता। ऐसे तापमान को हाई वेट बल्ब टेम्परेचर कहते हैं। डॉ महापात्र के मुताबिक, पूर्वी राज्यों में तापमान काफी ज्यादा हैं लेकिन जून और जुलाई के मुकाबले आर्द्रता कम है क्‍योंकि उत्‍तर पश्चिमी हवा चल रही है। अगर पूर्व से हवा चली और इतना ही तापमान रहा तो घातक साबित हो सकता है।

बढ़ती गर्मी और लू के चलते पश्चिम बंगाल और ओडिशा में स्‍कूल बंद कर दिए गए हैं। त्रिपुरा समेत कई राज्‍यों में स्‍कूल सुबह जल्‍दी खुल रहे हैं ताकि बच्‍चों को गर्मी के प्रकोप से बचाया जा सके।


0/Post a Comment/Comments