बच्चे ने झाड़ू लगाने से किया इनकार, स्कूल के प्रिंसिपल ने मारकर तोड़ दी पैर की हड्डी


 बिहार के निजी स्कूलों में मैनेजमेंट की मनमानी रुक नहीं रही है. ताजा मामला जमुई का है जहां एक निजी आवासीय स्कूल में प्रिंसिपल का बेरहम चेहरा सामने आया है.स्कूल के प्रिंसिपल ने अपने भाई के साथ मिलकर दो छात्रों की इस कदर बेरहमी से पिटाई की कि बच्चे का पैर टूट गया. उसके शरीर पर चोट के कई निशान भी है.

बताया जा रहा है कि छात्र माफी मांगता रहा, हाथ जोड़कर आरजू-मिन्नत करता रहा लेकिन प्रिंसिपल को दया नहीं आई और वो बच्चे को पीटता रहा. बच्चे का नाम मोनू पासवान है.

उस बच्चे का कसूर बस इतना था कि उसने प्रिंसिपल के कहने पर स्कूल में झाडू नहीं लगाया और जूठे बर्तन को साफ करने से मना कर दिया था. इस घटना का वीडियो भी सामने आया है जिसमें साफ तौर पर देखा जा सकता है कि प्रिंसिपल बच्चे को रॉड से पीट रहे हैं. बाद में इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया गया है.

वीडियो को शेयर किए जाने के बाद इसकी सूचना डायल 112 के जरिए पुलिस को भी दी गई. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्कूल के प्रिंसिपल सत्यम कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया. हालांकि उसका भाई गौतम कुमार सिंह फरार हो गया. वो स्कूल का निदेशक है.

घटना को लेकर घायल छात्र मोनू पासवान ने बताया कि स्कूल में उससे सफाई करायी जाती थी और कूड़ा छूट जाने पर बेरहमी से पिटाई की जाती थी. मोनू ने ये भी बताया कि उसकी न केवल पिटाई की जाती थी बल्कि उसे एक रूम में बंदकर रखा जाता था. 

मोनू ने बताया कि उसके पैरों और हाथ में बेड़ी लगाकर रूम में बंद कर दिया जाता था. बच्चे के पिता और मां ने कहा कि उन्हें उनके बेटे से मिलने भी नहीं दिया जाता था. वहीं इसको लेकर जमुई शहर के एसडीपीओ डा. राकेश कुमार ने प्रिंसिपल की गिरफ्तारी की पुष्टि कर दी है.

उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है. अधिकारी ने कहा कि इस मामले में जो भी दोषी होंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

0/Post a Comment/Comments