Delhi Building Collapse: पूर्वी दिल्ली के भजनपुरा इलाके में बुधवार शाम को एक इमारत ढह गई, जहां बचाव कार्य जारी है. इस बारे में अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने जानकारी दी है. दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, विजय पार्क में इमारत गिरने के संबंध में कॉल दोपहर 3.05 बजे प्राप्त हुई. जिसके बाद दमकल की गाड़ियों को मौके पर भेजा गया.
अधिकारी ने कहा, “अग्निशमन विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान में जुटे हैं.”
भरभराकर गिरी इमारत
न्यूज एजेंसी एएनआई द्वारा शेयर किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि बिल्डिंग अचानक पूरी तरह नीचे गिर जाती है और लोग चीखने चिल्लाने लगते हैं. इस हादसे पर मौके पर मौजूद अधिकारियों ने कहा कि बिल्डिंग गिरने के कारणों का पता नहीं चल सका है. वहीं फायर डिपार्टमेंट को जैसे ही इस घटना की जानकारी मिली थी, वैसे ही टीम मौके पर रवाना हो गई थी. इस हादसे में मोबाइल और घड़ी की दुकानों को भारी नुकसान होने की आशंका है.
वहीं मौके पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है और मलबे को हटाने की कोशिश की जा रही है. इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है. जानकारी के मुताबिक जमींदोज हुई इमारत खाली थी.

Post a Comment