ठंड और धुंध की वजह से पंजाब में स्कूलों का समय बदला, शीतलहर का रेड अलर्ट; बठिंडा सबसे ठंडा

 


ठंड और बढ़ती धुंध को देखते हुए सरकार ने राज्य में सभी सरकारी व प्राइवेट स्कूलों के खुलने का समय बदल दिया है। अब सभी स्कूल सुबह 10 बजे खुलेंगे। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। सरकारी स्कूलों के खुलने का समय सुबह नौ बजे था, जबकि प्राइवेट स्कूलों का समय अलग-अलग है। पंजाब में मंगलवार को प्रचंड शीतलहर जारी रही। मौसम विभाग के चंडीगढ़ केंद्र ने दो दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। धुंध के कारण औसत दृश्यता पांच मीटर तक रही। बठिंडा का न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को धुंध के और सघन होने की संभावना है।

एक्यूआइ भी बिगड़ा, मंडी गोबिंदगढ़ सबसे प्रदूषित

मंगलवार को फतेहगढ़ साहिब जिले के मंडी गोबिंदगढ का एक्यूआइ 297 दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे प्रदूषित रहा। जालंधर का एक्यूआइ 299, अमृतसर का 246, बठिंडा का 210 और लुधियाना का 176 रिकार्ड किया गया। 100 एक्यूआइ के साथ पटियाला की हवा सबसे साफ रही। बुधवार को स्थिति और खराब हो सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार हवा तीन वजह से खराब हो रही है। इसमें सबसे पहले ठंड का बढ़ना, 

दूसरा शहरी क्षेत्र में कूड़ा जलाना और तीसरा कारण वाहनों की ज्यादा आवाजाही। पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीपीसीबी) के चेयरमैन डा. आदर्शपाल विग के अनुसार सर्दियों में हवा ठंडी होने के कारण इसमें मौजूद प्रदूषक तत्व हवा के साथ लंबे समय तक फंसे रहते हैं। पहले से मौजूद प्रदूषक तत्वों के साथ-साथ नए प्रदूषक तत्वों के मिलने से स्थिति खराब हो जाती है। इससे प्रदूषण का स्तर गंभीर स्थिति में पहुंच जाता है

0/Post a Comment/Comments