‘
सिम्बा’ जैसी एंटरटेनर फिल्म देने के बाद अब डायरेक्टर रोहित शेट्टी (Rohit Shetty) और रणवीर सिंह (Ranveer Singh) एक बार फिर से साथ काम कर रहे हैं. रणवीर काफी समय से अपनी अपकमिंग फिल्म ‘सर्कस’ को लेकर चर्चा में हैं. बड़े पर्दे पर एक बार फिर से ये जोड़ी एक दर्शकों के लिए कुछ अलग एंटरटेनर पैकेज लेकर आ रही है. लेकिन उनकी ये फिल्म बाकी फिल्मों से बेहद अलग और खास होने वाली है.
डायरेक्टर रोहित शेट्टी और रणवीर सिंह ने पिछली बार अपनी सीरियस फिल्म से दर्शकों का दिल जीता था. लेकिन इस बार वह ‘सर्कस’ के साथ लोगों को हंसाते नजर आएंगे. इस फिल्म की खासियत ही यही है कि रोहित शेट्टी इस बार एक कॉमेडी फिल्म लेकर आ रहे हैं. फिल्म में एंटरटेनमेंट का डोज दर्शकों को कितना पसंद आएगा ये तो आने वाला वक्त ही बताएगा. इससे पहले भी रोहित शेट्टी ‘गोलमाल’ फ्रैंचाइज़ी, ‘ऑल द बेस्ट’ और ‘बोल बच्चन’ जैसी मजेदार कॉमेडी फिल्में बना चुके हैं. अब रणवीर सिंह ने अपनी फिल्म ‘सर्कस’ का मोशन पोस्टर शेयर किया है, जिसके साथ उन्होंने लिखा, ‘अगले हफ्ते ट्रेलर आने से पहले, मिलिए हमारे ‘सर्कस’ परिवार से.’
ये है ‘सर्कस’ की दमदार स्टारकास्ट
रणवीर सिंह के लिए ये एक अलग जॉनर की फिल्म है. रिपोर्ट्स के मुताबिक इस फिल्म में रणवीर पहली बार डबल रोल में नजर आने वाले हैं. फिल्म में उनके अपोजिट पूजा हेगड़े और जैकलीन फर्नांडीज भी अहम भूमिका में हैं. रणवीर सिंह के अलावा बात अगर ‘सर्कस’ की स्टारकास्ट की करें तो इसमें कॉमेडी के लिए पहचाने जाने वाले कई धुरंधर नजर आने वाले हैं. इनमें जॉनी लीवर, संजय मिश्रा, सिद्धार्थ जाधव, ब्रजेश हिरजी, टीकू तल्सानिया और मुकेश तिवारी जैसे मंझ हुए एक्टर्स हैं, जो ‘सर्कस’ में कॉमेडी का तड़का लगाते नजर आएंगे.
बता दें कि रणवीर सिंह आखिर बार फिल्म ‘जयेशभाई जोरदार’ में नजर आए थे. उनकी ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई थी. ऐसे में रणवीर के लिए इस फिल्म का हिट होना बेहद जरूरी है. फिल्म के मोशन पोस्टर में स्टारकास्ट का लुक और बैकग्राउंड म्यूजिक बहुत मजेदार लग रहा है. अगर फिल्म भी इतनी एंटरटेनर होती है तो साल के अंतिम समय में बॉलीवुड को एक और हिट फिल्म मिल सकती है.

Post a Comment