'मां तड़पती रही, मैं चिल्लाती रही...' चिड़ियाघर में दिल दहलाने वाला हादसा

कानपुर चिड़ियाघर में हुए हादसे में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई. वो पति और अपने बच्चों के साथ यहां घूमने पहुंची थी और ट्रेन में बैठने जा रही थी तभी ड्राइवर ने ट्रेन चला दी. इससे महिला गिरकर पटरी पर पहुंच गई और गंभीर रूप से घायल हो गई. आनन-फानन उसे हैलट हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.


दिल दहला देने वाला हादसा


गौरतलब है कि कानपुर में चकेरी के रहने वाले सुबोध शर्मा अपनी पत्नी अंजू शर्मा और 2 बच्चों को लेकर चिड़ियाघर घूमने गए थे. वहां ट्रेन में बैठकर घूमना शुरू किया. इसी समय दिल दहला देने वाला हादसा हो गया, जिसमें ट्रेन से गिरने से महिला की दर्दनाक मौत हो गई.

आंखों के सामने ट्रेन कुचलते हुए चली गई


महिला की बेटी अदिति का आरोप है, "मां ट्रेन में बैठने जा रही थी तभी ड्राइवर ने ट्रेन चला दी. इससे मां नियंत्रण खो बैठी और नीचे गिर गई. कई बार आवाज देने के बाद भी ड्राइवर ने ट्रेन नहीं रोकी. मैं चिल्ला रही थी लेकिन ट्रेन नहीं रुकी. मेरी आंखों के सामने ट्रेन मां को कुचलते हुए चली गई".


शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा


इस घटना को लेकर अकमल खान एसीपी कर्नलगंज ने कहा कि महिला अपने परिवार के साथ घूमने गई थी. उसी समय ट्रेन से गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई. उसको हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है.


0/Post a Comment/Comments