Gorakhpur: पिता बना हैवान; कार से रौंद कर बेटे की हत्या, पत्नी अस्पताल में लड़ रही जिंदगी की जंग

 उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक पिता ही हैवान बन गया। उसने कार से अपने ही बेटे और पत्नी को रौंद डाला। हादसे में गंभीर रूप से घायल बेटे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि उसकी पत्नी अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है। उसे 24 घंटे बाद भी होश नहीं आया है। मामले की सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने जांच की तो घर में क्लेश की मामूली वजह निकल कर आई है। हत्यारोपी पिता पत्नी के बेटी के यहां जाने से नाराज था।



थाईलैंड में बेटों के साथ रहता था, चार माह पहले ही गांव आया

घटना गोरखपुर जिले के पिपराइच थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक बांसगांव गांव का रहने वाला चौथी गुप्ता अपने दो बेटों के साथ थाईलैंड रहता था। करीब चार माह पहले वह अपने बेटों के साथ वापस घर लौटा था। परिजनों ने बताया कि चौथी की दो बेटियां भी हैं। दोनों की शादी हो चुकी है। छोटी बेटी ज्योति भी अपने गांव आई है। बुधवार को ज्योति के बच्चे की अचानक तबीयत खराब हो गई। इस पर चौथी की पत्नी मंजू और छोटा बेटा महावीर उसे डॉक्टर के पास दिखाने गए थे। डॉक्टर ने जांच के बाद गुरुवार को फिर से आने के लिए बोला था। इस कारण मंजू अपने बेटे महावीर के साथ पिपराइच थाना क्षेत्र के ही बेलवा गांव में अपनी बड़ी बेटी कंचन के घर रुक गई। 

घर पर पत्नी और बेटा नहीं मिले तो चौथी हुआ आगबबूला

पुलिस ने बताया कि चौथी किसी काम से बाहर गया था। वापस लौटा तो घर पर कोई नहीं मिला। इससे आगबबूला हुआ चौथी बड़ी बेटी के घर पहुंच गया। आरोप है कि बेटी के घर पर पहुंचकर उसने हंगामा कर दिया। मारपीट की। इस पर बेटी ने पुलिस को बुला लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने गुरुवार को सभी को थाने आने के लिए बोल दिया और वापस चले गए। गुरुवार को पत्नी मंजू और बेटा महावीर थाने जाने के लिए घर से निकल गए। तभी आरोपित चौथी ने अपनी कार से पत्नी और बेटे को रौंद डाला। बेटे महावीर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी वहीं गंभीर रूप से घायल होकर तड़पने लगी। 


बेटे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, पत्नी सड़क पर तड़पती रही

सूचना के बाद मौके पर एसपी नार्थ मनोज अवस्थी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। घायल मंजू को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत गभीर बनी हुई है। वहीं मौके से फरार हुए चौथी गुप्ता को पुलिस ने धर दबोचा है। हत्यारोपी की बेटी ने अपने पिता के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास और मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया है। जानकारी के मुताबिक महावीर के दो बेटे और दो बेटियां हैं। मृत महावीर सबसे छोटा बेटा था। परिवार वालों का रो-रो कर बुरा हाल है। 

0/Post a Comment/Comments