देश के कई हिस्सों में दक्षिण पश्चिम (south west monsoon) का असर दिखाई देने लगा है। कई राज्यों में प्री-मानसून की गतिविधियों के चलते आंधी के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया है। दिल्ली के अलावा तमाम राज्यों में आंधी के साथ बारिश हो रही है। इससे टेम्परेचर में गिरावट आई है। IMD ने इस साल 103% बारिश का पूर्वानुमान लगाया है, जो पिछले साल की तुलना में अधिक है।
स्काईमेट वेदर के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ को जम्मू कश्मीर और इससे सटे पाकिस्तान के हिस्सों पर एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में देखा जा रहा है। प्रेरित चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तर पश्चिमी राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों पर बना हुआ है। एक निम्न दबाव की रेखा पश्चिमी राजस्थान के ऊपर बने हुए चक्रवाती क्षेत्रों से हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार होते हुए बांग्लादेश तक जा रही है। झारखंड और आसपास के इलाकों में एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है।
दिल्ली में गिरा पारा, हल्की बारिश की संभावना
राजधानी में मंगलवार सुबह पारा 20.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 7 डिग्री कम है। मौसम विभाग ने मंगलवार शाम से दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में हल्की बारिश का अनुमान जताया है। आईएमडी के अनुसार देश के बारिश वाले हिस्सों में हीटवेव चलने की कोई उम्मीद नहीं है।

Post a Comment