कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला का निधन, गुर्जर आरक्षण आंदोलन को लेकर देशभर में हुये थे चर्चित



गुर्जर नेता कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला का निधन (Colonel Kirori Singh Bainsla passed away) हो गया है. बैंसला लंबे समय से बीमार थे. उन्होंने गुरुवार को सुबह जयपुर में अपने आवास पर अंतिम सांस ली. कर्नल बैंसला गुर्जर आरक्षण आंदोलन (Gujjar Reservation Movement) को लेकर देशभर में चर्चित हुये थे. तेज तर्रार छवि वाले गुर्जर नेता कर्नल बैंसला के नेतृत्व में ही राजस्थान से गुर्जर आरक्षण को लेकर बड़ा आंदोलन शुरू हुआ था. देशभर में चर्चित हुये इस आंदोलन में गुर्जर समाज के कई लोग मारे गये थे. बैंसला अपनी अंतिम सांस तक गुर्जर आरक्षण के लिये संघर्ष करते रहे. कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला के निधन से गुर्जर समाज में शोक की लहर छा गई है.

गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के संयोजक कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला का लंबी बीमारी के चलते आज निधन हो गया. 12 सितंबर 1939 को करौली जिले की टोडाभीम तहसील के गांव मूंडिया में जन्मे किरोड़ी सिंह बैंसला भारतीय सेना में कर्नल रहे थे. सेवानिवृत्त होने के बाद कर्नल बैंसला सामाजिक कार्य में जुट गए थे. इसके बाद उन्होंने गुर्जर समाज को आरक्षण दिलाने का बीड़ा उठाया था.

गुर्जर समाज को जागरुक आरक्षण आंदोलन चलाया
इसके लिये कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला ने गुर्जर बाहुल्य इलाकों में जगह-जगह सभायें आयोजित कर समाज को जागरुक और एकजुट किया. उसके बाद कई बार बड़े आंदोलन किए. राजस्थान में बीजेपी की वसुंधरा राजे सरकार के समय कर्नल बैंसला ने बड़ा आंदोलन किया. बाद में यह आंदोलन हिंसक हो गया था. इसमें गुर्जर समाज के कई युवा और अन्य लोग मारे गये थे. लेकिन बैंसला ने बाद में सरकार को आरक्षण संबंधी बात मनवाने के लिए मजबूर किया.

गुर्जर समाज के सबसे बड़े चेहरे के रूप में जाने जाते थे
कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला गुर्जर समाज के सबसे बड़े चेहरे के रूप में जाने जाते थे. उनकी छवि बेहद तेज तर्रार और बेहतरीन रणनीतिज्ञ वाले नेता की थी. हालांकि कुछ समय पहले आरक्षण के मुद्दे को लेकर गुर्जर समाज में दो गुट बन गये थे. लेकिन इसके बावजूद कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला का रुतबा कम नहीं हुआ था. कर्नल बैंसला की एक आवाज पर गुर्जर समाज उठ खड़ा होता था.

आज सुबह बिगड़ी थी तबीयत
कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला की आज सुबह तबीयत ज्यादा बिगड़ गई थी. इस पर उनके पुत्र विजय बैंसला उनको लेकर जयपुर के मणिपाल हॉस्पिटल गये थे. लेकिन चिकित्सकों ने वहां चैकअप के बाद कर्नल बैंसला को मृत घोषित कर दिया. कर्नल बैंसला के निधन का समाचार सुनते ही गुर्जर समाज में शोक की लहर छा गई. बीजेपी और कांग्रेस के नेताओं समेत कई प्रबुद्धजनों ने कर्नल बैंसला के निधन पर दुख जताया है.


0/Post a Comment/Comments