कोरोना की वजह से दो साल से अमरनाथ यात्रा पर रोक लगी थी। इस साल यह यात्रा 30 जून से शुरू होने वाली है। जो लोग अमरनाथ यात्रा पर जाना चाहते हैं, उन्हें लग रहा है कि इस साल ज्यादा भीड़ होगी। आपके मन में भी इस यात्रा को लेकर कई तरह के सवाल हैं तो यह खबर आपके काम की हो सकती है।
छोटी से छोटी बातों की जानकारी के लिए हमने श्राइन बोर्ड के एडिशनल चीफ एग्जिक्यूटिव राहुल सिंह, डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस दिलबाग सिंह और 11 बार अमरनाथ यात्रा कर चुके तीर्थयात्री मनोज श्रीवास्तव से बात की।
सवाल- अमरनाथ जाने के लिए क्या करना होगा?
जवाब- सबसे पहले रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। हर दिन केवल 20 हजार रजिस्ट्रेशन होंगे।
सवाल- क्या यह रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन भी होता है?
जवाब- हां, बिल्कुल। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 11 अप्रैल से शुरू हो जाएंगे।
सवाल- अमरनाथ यात्रा का रजिस्ट्रेशन करवाने में कितने पैसे लगेंगे?
जवाब- हर यात्री को रजिस्ट्रेशन फीस के 100 रुपए लगेंगे।
सवाल- ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए क्या कर सकते हैं?
जवाब- अमरनाथ यात्रा के लिए ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन पंजाब नेशनल बैंक, जम्मू-कश्मीर बैंक या यस बैंक की किसी भी नजदीकी ब्रांच में जाकर कराया जा सकता है। आवेदक को इसके लिए अपना आधार कार्ड, 4 पासपोर्ट साइज फोटो और सरकारी अस्पताल से बनवाया गया हेल्थ सर्टिफिकेट देना होता है। रजिस्ट्रेशन फीस देने के बाद रजिस्ट्रेशन हो जाता है और उपलब्ध स्लॉट के हिसाब से यात्रा की तारीख मिल जाती है। इसकी डिटेल बैंक से मिलने वाली रसीद पर होती है।

Post a Comment