Jaya Ekadashi 2022 : हिन्दू पंचांग के अनुसार माघ महीने के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि जया एकादशी के नाम से जानी जाती है। इस दिन भगवान विष्णु जी की आराधना कर व्रत-उपवास किया जाता है। इस साल जया एकादशी 12 फरवरी 2022, दिन शनिवार को है। ज्योतिष के अनुसार इस दिन रवि योग और त्रिपुष्कर योग बन रहा है। ऐसे में यदि कोई भी इस दिन व्रत रखता है और भगवान विष्णु जी की पूजा करता है तथा जया एकादशी की व्रत कथा का श्रवण मात्र कर लेता है तो उसके जन्म-जन्मातंर के दुख-विपदाएं दूर होकर उसे सुख-सौभाग्य और मोक्ष की प्राप्ति होती हैं।
व्रत के नियम
शास्त्रों में प्रत्येक व्रत के कुछ ना कुछ नियम बताए गए हैं। जिनका पालन प्रत्येक व्रती को जरुर करना चाहिए ताकि व्रत का पूर्ण फल आपको प्राप्त हो सके। अन्य व्रत-उपवास की तरह ही जया एकादशी व्रत के भी कुछ नियम हैं। यदि आप इन नियमों के साथ इस व्रत को करते हैं तो आपको सुख और वैभव की प्राप्ति होती है। नियमानुसार एकादशी व्रत का पालन तीन दिन अर्थात दशमी, एकादशी और द्वादशी तिथि तक करना चाहिए। दशमी तिथि की रात्रि सात्विक भोजन ग्रहण करें और साथ ही दशमी तिथि की रात्रि में मसूर की दाल का सेवन ना करें। शास्त्रों के अनुसार एकादशी के दिन ना ही चने और ना ही चने के आटे से बनी चीजें खानी चाहिए। ये व्रत पूर्णरूप से फलाहार ही करना चाहिए। इस दिन शहद और चावल खाने से भी बचना चाहिए। ब्रह्मचर्य का पूर्णरूप से पालन करना चाहिए और इस व्रत में भगवान विष्णु जी की पूजा करें। इन नियमों को ध्यान में रखकर यदि आप एकादशी व्रत करते हैं तो आपको अवश्य लाभ प्राप्त होगा।
Post a Comment