कोरोना से एक व्यक्ति की मौत, 93 नए केस मिले



कोरोना से जिले में मौतों का सिलसिला जारी है। कोरोना से रविवार को गांव गधौला में 68 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना नियमावली के अनुसार मृतक का अंतिम संस्कार कराया। रविवार को कोरोना के 93 और केस मिले। इस दौरान 92 लोग कोरोना को मात देकर स्वस्थ हुए हैं। डीसी पार्थ गुप्ता ने बताया कि जिले में कोरोना से रिकवरी रेट 97.33 प्रतिशत हो गया है। कुल आबादी का 48.85 प्रतिशत का कोरोना टेस्ट हो चुका है। अब तक जिले में कुल 29523 केस कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, जिनमें से 80 यमुनानगर के बाहर अन्य स्थानों के हैं। अब तक जिले में 28737 कोरोना पॉजिटिव ठीक हो चुके हैं। सिविल सर्जन डॉ. विजय दहिया ने बताया कि अब जिले में कोरोना के 334 सक्रिय केस हैं, जिसमें से 247 घर व 87 अस्पताल मेें दाखिल हैं। अभी तक कुल 587297 सैंपल लिए गए हैं, जिनमें से 552181 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। 407 लोगों की रिपोर्ट आनी बाकी है। जिला में 916 एक्टिव माइक्रो कंटेनमेंट जोन हैं।

तीन डोज लगने पर संक्रमण का खतरा 18.6 प्रतिशत

सिविल सर्जन डॉ. विजय दहिया का कहना है कि सभी लोग कोरोना रोधी दोनों टीके अवश्य लगवाएं। विभिन्न सर्वे से पता चला है कि कोविड वैक्सीन लगवाने वालों में संक्रमण कम होता है। तथ्यों के अनुसार वैक्सीन की तीन डोज लगवाने वाले लोगों में ओमिक्रॉन संक्रमण होने का खतरा 18.6 प्रतिशत है। यदि दो डोज लगी हों तो 55.3 प्रतिशत तक ओमिक्रॉन का प्रभाव होता है। इसके अलावा टीका न लगवाने वाले व्यक्ति में हर समय संक्रमण का खतरा रहता है। इससे जीवन को भी खतरा हो सकता है। इसके साथ ही तीनों डोज लगवाने पर डेल्टा वेरिएंट केवल 6.6 प्रतिशत प्रभावी होता है। दो डोज लगवाने वालों पर 44.4 प्रतिशत प्रभाव होता है। इसलिए सभी अपनी दोनों डोज का टीका अवश्य लगवाएं, ताकि कोरोना के सभी वेरिएंट से बचा जा सके। साथ ही जिन्हें बूस्टर डोज लगनी है वह वैक्सीन जरूर लगवाएं।

0/Post a Comment/Comments