बच्चे के नाम से रोज निकालें 100 रुपये, 15 साल में होगा 34 लाख का मालिक; देखें कैलकुलेशन

Disciplined Investment : क्या आप रोजाना 100 या 200 रुपये की बचत का महत्व समझते हैं या सिर्फ बड़ी बचत पर ही यकीन रखते हैं? आमतौर पर ज्यादातर लोग बड़ी रकम के निवेश में भरोसा रखते हैं. लेकिन अगर बड़ी बचत के साथ कुछ छोटी छोटी बचत पर ध्यान दें तो आपको भविष्य में फाइनेंस से जुड़ी परेशानियों से छुटकारा मिल सकता है. अगर आप रोज के खर्च से अनुशासित ढंग से अपने बच्चे के नाम सिर्फ 100 रुपये बचा लेते हैं तो महज 15 साल में उसके लिए 34 लाख रुपये तैयार कर सकते हैं. अगर आपकी मंथली इनकम औसतन 40 से 50 हजार रुपये है तो अन्य खर्चे निकालने के बाद रोज इतनी रकम बचाना मुश्किल नहीं है. बचत जितनी जल्दी शुरू करेंगे, फायदा उतना ही ज्यादा होगा. इसमें काम आएंगी म्यूचुअल फंड की कुछ बेहतर स्कीम.

SIP को बनाए ताकत

वैसे तो कैपिटल मार्केट में कई तरह के विकल्प हैं, जिसमें एक सुरक्षित विकल्प है एसआईपी (SIP) के जरिए म्यूचुअल फंड में निवेश. बाजार में कई ऐसे इक्विटी म्यूचुअल फंड हैं जिन्होंने लांच के बाद से या पिछले 15 से 20 साल में 20 फीसदी या इससे ज्यादा की सालाना दर से रिटर्न दिया है. जो निवेशक थोड़ा रिस्क लेने की क्षमता रखते हैं, उनके लिए यह बेहतर विकल्प है. निवेश का नजरिया लंबा रखने पर बाजार के जोखिम भी कवर हो जाते हैं.


Investment: 15 साल में कैसे बनेगा 34 लाख

इसके लिए आपको बेहतर इक्विटी फंड में रोज 100 रुपये के लिहाज से 3000 रुपये महीने एसआईपी करना होगा.
यह निवेश 15 साल तक करना होगा.
यहां अगर सालाना 20 फीसदी रिटर्न का अनुमान लगाएं तो 15 साल में निवेश बढ़कर करीब 34 लाख रुपये हो जाएगा.
यहां 15 सालों में आप कुल 5.40 लाख रुपये निवेश करेंगे जो बढ़कर 34 लाख होगा. यानी आपको कुल 28.5 लाख रुपये की अतिरिक्त इनकम होगी.

कम होता है रिस्क?

फाइनेंशियल एडवाइजर फर्म बीपीएन फिनकैप के डायरेक्‍टर एके निगम के अनुसार, म्यूचुअल फंड में निवेश का सबसे बेहतर उपायों में है. यहां पर लोग हर माह थोड़ा थोड़ा निवेश करके बड़ा फंड तैयार कर सकते हैं. म्यूचुअल फंड में निवेश में रिस्क कुछ कम होता है. अगर आप अपना पूरा पैसा कि‍सी एक कंपनी में निवेश कर दें और कि‍सी वजह से वह कंपनी डूब जाए तो आपका सारा पैसा भी डूब जाएगा.

म्यूचुअल फंड का सबसे बड़ा फायदा यही है कि यहां आपके पैसे को अलग-अलग कंपनि‍यों में लगाया जाता है, मसलन अलग-अलग स्‍टॉक और बॉन्‍ड्स में आपके पैसे को निवेश कि‍या जाता है. इसका फायदा यह है कि अगर कि‍सी एक कंपनी में लगा पैसा डूब भी जाए तो बाकी जगह से हुआ लाभ उसे कवर कर सकता है.

0/Post a Comment/Comments